Monday, 25 July 2022

कार्यकारिणी की बैठक 24/07/2022 का ब्यौरा

कार्यकारिणी की बैठक का ब्यौरा


             हरियाणा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ नवगठित केंद्रीय समिति व कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 24.07.2022 को नेहरू राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झज्झर में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमित चौधरी ने की। ‌इस बैठक का संचालन महासचिव डॉ. प्रतिभा चौहान ने किया। बैठक में संगठन सचिव डॉ. सुनील कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार, संयुक्त सचिव ज्योति व वित्त सचिव डॉ. प्रियंका ने सक्रिय भागीदारी की। इस बैठक में निम्न मुद्दों पर चर्चा हुई व निर्णय लिये गये। 
एडहॉक कमेटी के सदस्यों का सम्मान।
- केंद्रीय समिति द्वारा प्रस्तुत मांगपत्र पर चर्चा व इसे अन्तिम रुप देना।
- संगठन के वित्तीय नियमों को तय करना।
- संगठन के विस्तार संबंधित प्रस्ताव।
- AIFUCTO की तरफ़ से NEP 2020 के शिक्षा एवं शिक्षक विरोधी पहलुओं के खिलाफ जंतर मंतर,दिल्ली में धरना।
- स्वर्गीय सम्मानित साथियों को श्रद्धांजली व अनुग्रह सहायता।

1 एडहॉक कमेटी के सदस्यों का सम्मान- विगत 3 जुलाई 2022 को एडहॉक कमेटी के सम्मानित सदस्यों व समन्वयक महोदय के प्रयासों से शिक्षक संघ के इतिहास में पहली बार प्रत्यक्ष मताधिकार द्वारा व्यवस्थित, निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव संपन्न हुये। इस हेतु कार्यकारिणी द्वारा एडहॉक कमेटी के सम्मानित सदस्यों व समन्वयक महोदय का आभार प्रकट करने के लिए उन्हें सम्मान पत्र दिए गए तथा पर्यावरण संरक्षण तथा सृजनात्मकता का संदेश देते पौधे भेंट किए गये।

2 केंद्रीय समिति द्वारा प्रस्तुत मांगपत्र पर चर्चा व इसे अन्तिम रुप देना- कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने केंद्रीय समिति द्वारा प्रस्तुत माँग पत्र पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की तथा निम्न सुझाव भी दिये, जिसे शामिल करके मांगपत्र को अंतिम माना गया।
- ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में ACR को आधार न बनाया जाए।
- दिव्यांग/ विशेष आवश्यकता वाले बच्चे के माता पिता प्रोफ़ेसर को ट्रांसफर पॉलिसी में छूट दी जाए।
- महाविद्यालयों में अदालती मामलों की कार्रवाई से निपटने के लिए शिक्षकों को शामिल ना किया जाये, बल्कि जैसा कि स्कूल में होता है, जिला अधिवक्ता जैसे विशेषज्ञों को यह कार्य सौंपा जाये। इससे एक तरफ यह काम विशेषज्ञों द्वारा ही होगा वहीं दूसरी तरफ शिक्षक भी सुचारु रूप से अपने अध्यापन कार्य को कर सकेंगे।
- फिजिकल एजुकेशन के जो साथी कोच बनकर अपने छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तरीय या राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में मेडल दिलाकर लाते हैं, उन्हें अतिरिक्त इंक्रीमेंट और DGHE से सम्मान पत्र मिले।
- जिला मुख्यालय पर स्थित महाविद्यालयों को एक मॉडल कालेज के रूप में विकसित किया जाए। इनमें राज्य के किसी भी महाविद्यालय में पढ़ाये जा रहे सभी विषयों की पढाई की व्यवस्था हो। इससे निजी महाविद्यालयों और राज्य से बाहर पढ़ने के लिए पलायन का चलन रुकेगा। राज्य की उच्चतर शिक्षा का ढांचा मजबूत हो सकेगा।

3 संगठन के वित्तीय नियमों संबंधित प्रस्ताव- कार्यकारिणी ने सर्व सम्मति से केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों हेतु किराया भत्ता प्रति किलोमीटर 10 रुपये तय किया। अन्य खर्चे के बारे में प्रस्ताव पारित किया कि पदाधिकारियों द्वारा जो वास्तविक ख़र्च होगा, वह ही संगठन वहन करेगा।

4 संगठन के विस्तार संबंधित प्रस्ताव-
- कार्यकारिणी ने संघ का नाम “हरियाणा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ" रखने पर स्वीकृति दी व तय हुआ कि उपर्युक्त नाम संबंधित कोई समस्या यदि रजिस्ट्रेशन के दौरान आती है तो जरूरी बदलाव हेतु केंद्रीय समिति स्वतंत्र है। केंद्रीय समिति को यह अधिकार होगा कि वह इसके नाम में यथोचित बदलाव करते हुए रजिस्ट्रेशन के कार्य को जल्द से जल्द संपन्न करवा सके।
- सभी महाविद्यालयों के सदस्य साथी यथाशीघ्र अपनी स्थानीय इकाई का गठन करें। इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर केन्द्रीय कार्यकारिणी को सूचित करें, ताकि भविष्य में आपसी संबंध, संपर्क व सुचना आदान-प्रदान को मजबूत बनाया जा सके। इस संबंध में प्रस्ताव महासचिव व संगठन सचिव की ईमेल पर भेजने का कष्ट करें।
- केंद्रीय समिति यथाशीघ्र यह प्रयास करें कि जिला स्तर पर कमेटी का गठन किया जा सके। जिला स्तरीय समन्वयक केंद्रीय समिति मनोनयन कर सकती है।
- विश्वविद्यालयों को ज़ोन मानते हुए केंद्रीय समिति यथाशीघ्र यह प्रयास करें कि ज़ोन कमेटी का गठन हो। जोन स्तरीय समन्वयक और अन्य पदों पर केंद्रीय समिति मनोनयन कर सकती है।
- शिक्षक संघ का सोशल मीडिया पर एक फ़ेसबुक पेज और ट्विटर अकाउंट आदि बनाया जाए, जिस पर सभी समस्याओं को लेकर चर्चा की जा सके।

5 स्वर्गीय सम्मानित साथियों को श्रद्धांजली व अनुग्रह सहायता- हाल ही में संपन्न हुये चुनावों की घोषणा व पुरानी केंद्रीय समिति को भंग करने की कार्यवाही जिस बैठक में हुई, उस मीटिंग की तारीख की घोषणा के बाद हमारे दो साथी डॉ. शीशराम, एसोसिएट प्रोफ़ेसर, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम तथा डॉ. अजय कुमार, एसोसिएट प्रोफ़ेसर, नेहरू राजकीय महाविद्यालय, झज्जर हमारे बीच नहीं रहे। कार्यकारिणी ने इस क्षति पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सात ही परिवार के साथ संवेदना प्रकट करते हुए दोनों स्थानीय इकाइयों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी ताकि साथियों के परिवारों तक पहुँचा पायें। 

6 AIFUCTO की तरफ़ से NEP 2020 के शिक्षा एवं शिक्षक विरोधी पहलुओं के खिलाफ जंतर मंतर,दिल्ली में धरना- 3 अगस्त 2022 को AIFUCTO की तरफ़ से NEP 2020 के शिक्षा एवं शिक्षक विरोधी पहलुओं के खिलाफ जंतर मंतर, दिल्ली में धरना प्रदर्शन दिया जा रहा है। कार्यकारिणी में तय हुआ कि इसमें सभी साथी बढ़-चढ़कर भाग लें। बैठक में तय हुआ कि NCR में शामिल जिलों में स्थित महाविद्यालयों के अधिकतम साथी ज़रूर से ज़रूर धरने पर पहुँचे और अन्य जिलों के कालेजों से कम से कम पांच और बड़ी यूनिटों से 10 साथी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँ ।
         कार्यकारिणी की बैठक के अंत में हरियाणा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉक्टर अमित चौधरी ने सफलतापूर्वक कार्यकारिणी बैठक के आयोजन के प्रबंध करने के लिए नेहरू राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झज्जर की स्थानीय इकाई का धन्यवाद देते हुए बैटर में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।

ज्योति
संयुक्त सचिव
हरियाणा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक
दिनांक: 24/07/2022


राज्य चुनाव आयोग का पत्र सभी उपायुक्तों के नाम

स्थानीय इकाई के सभी साथी कृपया ध्यान देने की कृपा करें।   माननीय राज्य चुनाव आयोग हरियाणा ने हरियाणा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ का ज्ञापन...